October 21, 2026
10वीं राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप 2026: पंजाब बना चैंपियन, रतिया की गुरु नानक अकैडमी बनी गतका में डिप्लोमा का मुख्य केंद्र
रतिया (Media Jagat Desk): गतका एसोसिएशन ऑफ हरियाणा और गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में रतिया की गुरु नानक डिफेंस एवं स्पोर्ट्स अकैडमी में चल रही 10वीं राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप 2026 का शानदार समापन हो गया है। इस महाकुंभ में देश के 21 राज्यों से करीब 1000 खिलाड़ियों और 500 अधिकारियों सहित कुल 2000 लोगों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपने अद्भुत युद्ध कौशल और कड़े अनुशासन का प्रदर्शन किया। पदक तालिका में पंजाब की टीम ने अपना दबदबा बनाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि दिल्ली दूसरे और मेजबान हरियाणा तीसरे स्थान पर रहा।
चैंपियनशिप की टॉप-10 रैंकिंग (State Rankings) 
विजेता (1st): पंजाब 
उपविजेता (2nd): दिल्ली 
तीसरा स्थान (3rd): हरियाणा 
मध्य प्रदेश (चौथा), हिमाचल प्रदेश (पांचवां), झारखंड (छठा), चंडीगढ़ (सातवां), महाराष्ट्र (आठवां), बिहार (नौवां) और उत्तर प्रदेश (दसवां स्थान)।
गतका खेल में ऐतिहासिक पहल: शुरू हुआ 1 वर्षीय डिप्लोमा
इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि गतका खेल को शैक्षणिक पहचान मिलना रही। गुरु काशी यूनिवर्सिटी (तलवंडी साबो) के चांसलर श्री गुरुलाभ सिंह सिद्धू ने गतका में 'एक वर्षीय डिप्लोमा' (Diploma in Gatka) शुरू करने का बड़ा ऐलान किया है। इस पहल के तहत रतिया की गुरु नानक डिफेंस एवं स्पोर्ट्स अकैडमी को यूनिवर्सिटी की ओर से मुख्य केंद्र (Main Center) बनाया गया है। अब खिलाड़ियों को व्यवस्थित प्रशिक्षण के साथ-साथ सर्टिफिकेट भी मिलेगा, जिससे भविष्य में कोचिंग और खेल कोटे के तहत रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा सहित कई दिग्गजों ने बढ़ाया हौसला
चैंपियनशिप में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को शिरकत करनी थी, लेकिन स्वीडन दौरे के चलते उनके प्रतिनिधि के रूप में कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, पूर्व खेल मंत्री (पंजाब) राणा सिंह सोढ़ी, हरियाणा भाजपा उपाध्यक्ष रविंदर सिंह बलियाला, पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा, धर्म प्रचार शाखा चेयरमैन जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल, संत हरपाल सिंह धालीवाल और संत बाबा गुरलाल सिंह ने विशेष उपस्थिति दर्ज कराई। पहले दिन पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल और पंजाबी गायक मनकीरत औलख के पिता निशान सिंह औलख सहित बीईओ शिक्षा प्रकाश, ललित पंचाल, भीष्म भटेजा व अन्य गणमान्य भी मौजूद रहे।
2000 लोगों का शानदार प्रबंधन: सेना और पुलिस की तैयारी कर रहे युवाओं ने संभाला मोर्चा
इतने बड़े स्तर पर 21 राज्यों से आए खिलाड़ियों के ठहरने (21 विभिन्न स्थानों पर) और भोजन की व्यवस्था गुरु नानक अकैडमी में ट्रेनिंग ले रहे पुलिस और फौज के जांबाजों ने बाखूबी संभाली। ट्रांसपोर्टर हरदीप संधू, प्रोफेसर बनवारी लाल, राजकुमार और बलविंदर ने 15 बसों व क्रूजर से दिन-रात परिवहन सेवा दी। वहीं, कश्मीर सिंह लाली की देखरेख में 24 घंटे लंगर की व्यवस्था रही।
80 राष्ट्रीय कोचों और अनुभवी टीम की देखरेख में हुआ आयोजन
हेड कोच सुमित कुमार और हरियाणा गतका हेड कोच कृष्ण सिंह के नेतृत्व में 80 से ज्यादा राष्ट्रीय कोचों ने खेल प्रतियोगिताओं का निष्पक्ष संचालन किया। मंच संचालन की जिम्मेदारी प्रिंसिपल डॉ. नैब सिंह मंडेर और प्रिंसिपल श्रीमती जसबीर कौर के साथ रमनदीप कौर, रणजीत कौर व अन्य ने निभाई। चिकित्सा टीम में डॉ. कंवल सिंह (सुखमणि हॉस्पिटल) और डॉ. नरिंदर सिंह नाडा दिन-रात मुस्तैद रहे।
आयोजन की इस ऐतिहासिक सफलता पर गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रधान राजिंदर सिंह सोहल, महासचिव बलजिंदर सिंह तूर, हरियाणा प्रधान स्वर्ण सिंह रतिया और अकैडमी के एमडी व सीईओ श्री गुरजीत सिंह ने सभी विजेता टीमों को बधाई दी। गुरजीत सिंह ने कहा कि रतिया जैसे छोटे शहर में इतने बड़े आयोजन का सफल होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।